अमृतसर के तरनतारन रोड इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर से किसी काम के लिए निकली एक युवती से एक्टिवा सवार युवक ने मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और उसे थप्पड़ मारे, जिसके बाद मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, युवती जैसे ही अपने घर से बाहर निकलकर सड़क पर आगे बढ़ी, तभी एक्टिवा पर सवार एक युवक वहां पहुंचा और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की। खुद को बचाने के प्रयास में युवती ने मोबाइल फोन सड़क के दूसरी ओर फेंक दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसके साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। जब लड़की ने विरोध किया तो स्नैचर ने उसे थप्पड़ मारे और जमीन पर पटक दिया। मोबाइल उठाकर भागने लगा आरोपी मारपीट के बाद आरोपी ने सड़क पर गिरे मोबाइल को उठाया और एक्टिवा स्टार्ट कर फरार होने लगा। युवती ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया और उसकी एक्टिवा को पकड़कर पीछा किया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से युवती सड़क पर गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने घायल युवती को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच घटना की पूरी वारदात नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के इलाकों के अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। घटना के बाद इलाके में दहशत इस घटना के बाद तरनतारन रोड इलाके में लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। Post navigation वृंदावन में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य से मिलीं सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर। गोमूत्र और आयुर्वेदिक डाइट से कैंसर को हराने का दावा किया।