थाना ढिलवां में तैनात एक महिला कांस्टेबल की जालंधर-अमृतसर हाईवे पर एक अज्ञात वाहन से भीषण टक्कर होने के बाद मौत हो गई।। घटना की सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल कपूरथला लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला कांस्टेबल की पहचान कुलविंदर कौर (44 वर्ष) निवासी जगतजीत नगर गांव हमीरा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पटियाला की रहने वाली थीं और शादी के बाद अपने ससुराल जगजीत नगर हमीरा में रह रही थीं। जानकारी अनुसार महिला कांस्टेबल कुलविंदर कौर मंगलवार की सुबह लगभग 11 बजे हमीरा से अपनी एक्टिवा पर थाना ढिलवां की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान ढिलवां के पास एक पैलेस के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की टीम ने उन्हें सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ युक्ता ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल कपूरथला के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है और अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना ढिलवां के एसएचओ दलविंदरबीर सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है।