पंजाब पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए गणतंत्र दिवस 2026 विशेष उपलब्धि लेकर आ रहा है। पंजाब सरकार की सिफारिश पर राज्यपाल गुलाल चंद कटारिया ने मुख्यमंत्री के दो प्रतिष्ठित सम्मानों, मुख्यमंत्री रक्षक पदक और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा पदक, के लिए कुल 24 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के नामों की घोषणा की है। यह सम्मान राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आतंकवाद व संगठित अपराध के खिलाफ लड़ाई और जनता की सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जा रहे हैं। इस वर्ष मुख्यमंत्री रक्षक पदक से पांच पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें पीपीएस अधिकारी डीएसपी सुनाम ऊधम सिंह वाला हरविंदर सिंह के अलावा इंस्पेक्टर निर्मल सिंह, हेड कांस्टेबल सुखमनप्रीत सिंह, एएसआई बलवीर चंद और सीनियर कांस्टेबल धरमपाल सिंह शामिल हैं। इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने जोखिम भरे हालात में कर्तव्य निभाते हुए नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की और पुलिस सेवा की गरिमा को ऊंचा रखा। 19 अधिकारियों-कर्मचारियों को मिलेगा उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा पदक वहीं मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा पदक के लिए 19 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का चयन किया गया है, जिनमें चार पीपीएस अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें एआईजी एसपीयू बलजीत सिंह, एसपी मुख्यालय फरीदकोट मनविंदरबीर सिंह, डीएसपी इन्वेस्टिगेशन दलजीत सिंह और एसपी देविंदर कुमार प्रमुख हैं। इनके अलावा इंस्पेक्टर मनदीप सिंह, रुशिका, प्रभजोत कौर, कुलवंत सिंह, सुमित मोर, पुशविंदर सिंह, सब-इंस्पेक्टर गुरपाल सिंह, भूपिंदर सिंह, एएसआई गुरजंत सिंह, गुरवीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, कुलजीत सिंह, हेड कांस्टेबल मनदीप सिंह, सुखविंदर सिंह और सीनियर कांस्टेबल अनु बाला को भी इस सम्मान से नवाजा जाएगा। डीजीपी पंजाब ने अधिकारियों को दी बधाई पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सभी चयनित अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हैं और उन्हें और अधिक समर्पण व ईमानदारी से काम करने के लिए प्रेरित करते हैं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिया जाने वाला यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरी पंजाब पुलिस के लिए गर्व का विषय है। Post navigation अकाली दल प्रधान कल हलका प्रभारियों से करेंगे बातचीत, बेअदबी मामले पर रणनीति बनाने के संकेत। पुलिस वर्दी में आए बदमाश ने चंडीगढ़ सीटीयू कैश ब्रांच से 14 लाख की लूट को अंजाम दिया। CCTV के आधार पर आरोपी की तलाश जारी।