बुधवार देर रात चंडीगढ़ के सेक्टर-40 लाइट प्वाइंट पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां लगी लोहे की ग्रिल को तोड़ते हुए दूसरी ओर से आ रही वेगनआर समेत दो अन्य वाहनों से जा टकराई। हादसे में फॉर्च्यूनर चालक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मोहाली निवासी युवक की गई जान पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोहाली निवासी 23 वर्षीय जसकरण के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना-39 पुलिस ने घायल जसकरण को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फॉर्च्यूनर काफी तेज रफ्तार में थी, जिस कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार पहले सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ी, फिर लोहे की ग्रिल तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा घुसी और वहां से गुजर रही वेगनआर व दो अन्य गाड़ियों को टक्कर मार दी। वेगनआर कार में सवार एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पलटियां खाकर बिजली के खंभे से टकराई कार स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉर्च्यूनर की रफ्तार इतनी अधिक थी कि कार 3 से 4 पलटियां खाती हुई पहले डिवाइडर पर चढ़ी, फिर ग्रिल तोड़कर सड़क के बीच लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। इस दौरान आसपास खड़ी और गुजर रही कुछ अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा पुलिस ने बताया कि हादसे में जसकरण के पेट में गंभीर चोटें आई थीं। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। थाना-39 पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। एक बार फिर तेज रफ्तार बनी जानलेवा इस हादसे ने एक बार फिर चंडीगढ़ की सड़कों पर तेज रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे गति सीमा का पालन करें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके। Post navigation पंजाब–हरियाणा हाईकोर्ट के विस्तार का प्रस्ताव केंद्र सरकार तक पहुंचा, अब अंतरराष्ट्रीय मंजूरी बाकी। पंजाब कांग्रेस चीफ को लेकर रस्साकशी, प्रधानगी से CM दावेदारी होगी मजबूत।