भारतीय किसान यूनियन (सिद्धूपुर) के प्रधान जगजीत सिंह डल्लेवाल की गिरफ्तारी के विरोध में किसानों ने सोमवार को बठिंडा जिले में जोरदार रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने बठिंडा–चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित लहरा बेगा टोल प्लाजा और बठिंडा–अमृतसर नेशनल हाईवे पर स्थित जीदा टोल प्लाजा को जाम कर दिया।

दोनों प्रमुख टोल प्लाजाओं के बंद होने से हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

किसानों के टोल प्लाजा जाम करने से दोनों मार्गों पर कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। स्कूल बसों, एंबुलेंस और आम यात्रियों के वाहन भी जाम में फंस गए। कई वाहन चालकों को मजबूरन वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। कुछ समय के लिए लहिरा बेगा टोल प्लाजा को आंशिक रूप से जाम किया गया, जबकि जीदा टोल प्लाजा को पूरी तरह बंद रखा गया।

किसान नेताओं ने बताया कि जगजीत सिंह डल्लेवाल को जालंधर में चल रहे किसान मोर्चे के दौरान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। किसानों का आरोप है कि डल्लेवाल की गिरफ्तारी सरकार की तानाशाही सोच को दर्शाती है। किसान नेताओं के अनुसार, डल्लेवाल की अगुआई में जालंधर में एक बैठक होनी थी, जिसमें आबादी वाले इलाके में लग रही एक फैक्टरी के खिलाफ तीखे संघर्ष का ऐलान किया जाना था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

भारतीय किसान यूनियन (सिद्धूपुर) के जिला महासचिव रेशम सिंह यात्री ने कहा कि किसान अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार किसानों की आवाज दबाने के लिए गिरफ्तारियों का सहारा ले रही है, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि लहिरा बेगा टोल प्लाजा को कुछ समय के लिए और जीदा टोल प्लाजा को पूरी तरह जाम रखा गया। लहिरा बेगा टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में किसानों ने एकत्र होकर नारेबाजी की और डल्लेवाल की तत्काल रिहाई की मांग की।

वहीं, जीदा टोल प्लाजा पर भी किसानों ने धरना देकर ट्रैफिक रोक दिया। किसान नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक जगजीत सिंह डल्लेवाल को बिना शर्त रिहा नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसान नेताओं ने यह भी एलान किया कि मंगलवार को न केवल इन दोनों टोल प्लाजा, बल्कि अन्य सड़कों पर भी धरने देकर यातायात जाम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि डल्लेवाल की गिरफ्तारी किसान आंदोलन को कमजोर करने की साजिश है, लेकिन किसान किसी भी दबाव में आने वाले नहीं हैं। दूसरी ओर, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल, जीदा टोल प्लाजा पर किसानों का धरना जारी रहा, जबकि इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *