पश्चिमी एशिया में जारी तनाव का असर अब पंजाब में भी दिखाई देने लगा है। गैस की अंतरराष्ट्रीय खेपों में देरी के कारण राज्य के कई जिलों में रसोई गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हो गई है। स्थिति यह है कि कई स्थानों पर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी के लिए पहले की तुलना में अधिक इंतजार करना पड़ रहा है और एजेंसियों के बाहर भीड़ भी बढ़ने लगी है। जानकारी के अनुसार पश्चिमी एशिया क्षेत्र में बढ़े तनाव के कारण गैस की खेपों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसका असर देश के कई हिस्सों की तरह पंजाब में भी महसूस किया जा रहा है। गैस कंपनियों ने मौजूदा हालात को देखते हुए घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है। इसी कारण बड़े आकार के व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की सप्लाई अस्थायी रूप से कम कर दी गई है। 4 दिन दोबारा बुकिंग का समय बढ़ा इधर, गैस की अनावश्यक खरीद और जमाखोरी को रोकने के लिए घरेलू सिलेंडर की दो बुकिंग के बीच का अंतर भी बढ़ा दिया गया है। पहले उपभोक्ता इक्कीस दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकते थे, जबकि अब यह अवधि बढ़ाकर पच्चीस दिन कर दी गई है। यानी पिछली डिलीवरी के कम से कम पच्चीस दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक किया जा सकेगा। पेट्रोलियम विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार हाल के दिनों में घरेलू गैस की मांग अचानक बढ़ गई है। कई उपभोक्ताओं ने संभावित कमी की आशंका के कारण पहले ही सिलेंडर बुक करवाने शुरू कर दिए, जिससे सप्लाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ा। इसके अलावा कुछ जिलों में संयंत्र स्तर और परिवहन से जुड़ी दिक्कतें भी सामने आई हैं। भरे हुए सिलेंडरों वाले वाहनों की आवाजाही में अनियमितता के कारण कई गैस एजेंसियों को दो-दो दिन तक नई सप्लाई नहीं मिल पाई। डिलीवर में 5 से 7 दिन का लग रहा समय पंजाब के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से घरेलू और व्यावसायिक दोनों प्रकार के सिलेंडरों की सप्लाई कम पहुंचने की शिकायतें सामने आई हैं। इसके कारण कई घरों के साथ होटल और भोजनालयों के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। पहले जहां अधिकांश स्थानों पर एक से तीन दिन में सिलेंडर की डिलीवरी हो जाती थी, वहीं अब कई जगह यह समय बढ़कर पांच से सात दिन तक पहुंच गया है। कुछ उपभोक्ताओं को एजेंसियों के कई चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। गुरदासपुर से मिली जानकारी के अनुसार वहां कई ग्राहकों को 21-21 दिन से सिलेंडर डिलीवर नहीं हो रहे। बुकिंग के सामान्य तरीके घर बैठे रसोई गैस सिलेंडर बुक कराने के लिए अलग-अलग गैस कंपनियों ने कई सुविधाएं दी हैं। इंडेन गैस के उपभोक्ता 7718955555 पर आईवीआरएस कॉल करके या 7588888824 पर व्हाट्सएप संदेश भेजकर सिलेंडर बुक करा सकते हैं। व्हाट्सएप पर संदेश भेजते समय “रिफिल” लिखकर भेजना होता है। भारत गैस के उपभोक्ता 1800 22 4344 नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से HI भेज कर या 7715012345 नंबर पर संदेश अथवा आईवीआरएस कॉल के जरिए बुकिंग कर सकते हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे ही आसानी से गैस सिलेंडर बुक करा सकते हैं और उन्हें एजेंसी जाने की जरूरत नहीं पड़ती। Post navigation वाल्मीकि तीर्थ के विकास कार्य ठप, संत समाज ने 2 अप्रैल को भंडारी पुल जाम का ऐलान