जीरा रोड पर 10 फरवरी को सुबह साढ़े 11 बजे शैलर में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों पर फायरिंग करने वाले दो लोगों को पुलिस ने रविवार को गांव घल्लकलां में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। एक आरोपित की टांग पर गोली लगी है जबकि दूसरे के भागते हुए टांग में चोट लगी है। दोनों को इलाज के लिए मोगा के सिविल अस्पताल में लाया गया है।

आरोपित एक फरवरी से घटना को अंजाम देने के लिए प्लानिंग बना रहे थे। इसके लिए अजनाला से वह हथियार लेकर आए थे। उन्होंने फायरिंग की वीडियो बनाने वाले आरोपित शाहवीर सिंह के कहने पर घटनाक्रम को अंजाम दिया था। घटना के बाद आरोपित अमृतसर में ठहरे थे।

घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी मोगा अजय गांधी ने बताया कि शैलर में काम करके खाना खाने के लिए जा रहे मजदूरों पर मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों द्वारा फायरिंग की गई थी।

पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच के दौरान उनको पनाह देने के आरोप में फिरोजपुर से संबंधित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इसी दौरान रविवार को गश्त कर रही पुलिस को सूचना मिली कि जीरा रोड पर हुई घटना को अंजाम देने वाले आरोपित उक्त इलाके में घूम रहे हैं। इस पर सीआइए स्टाफ की पुलिस समेत अन्य पुलिस बल ने इलाके में नाकाबंदी की।

इस दौरान मोटरसाइकिल सवार आरोपितों ने पुलिस टीम को देखते हुए फायरिंग कर दी। आरोपितों की ओर से करीब चार राउंड फायर किए गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में जोबनप्रीत सिंह निवासी गांव भगाली खुर्द नारायणगढ़ तलवंडी भाई, फिरोजपुर के टांग पर गोली लगी।

वहीं, उसका साथी आकाशदीप सिंह निवासी थमन वाला जिला मोगा भागने के प्रयास में घायल हो गया। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार करके घायल अवस्था में मोगा के सिविल अस्पताल में लाया गया। आरोपितों से दो पिस्टल और चार खाली कारतूस व एक कारतूस बरामद किया गया है जबकि एक मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया है।

घटनाक्रम के दौरान वीडियो बनाने वाला आरोपित शाहवीर सिंह अभी फरार है। एसएसपी ने बताया कि उक्त आरोपितों को पनाह देने के आरोप में फिरोजपुर में रहने वाले दो आरोपितों को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उक्त आरोपित ने विदेश में बैठे हुए गैंग्सटर के कहने पर घटनाक्रम को अंजाम दिया था। एसएसपी मोगा अजय गांधी ने बताया कि इस हमले के पीछे सरपंच लखविंदर सिंह व सुखवीर सिंह का हाथ था। इन दोनों ने ही साजिश रचकर शूटरों को दो अवैध पिस्तौल मुहैया करवाए थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शनिवार को अदालत में पेश करके दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed