पंजाब के मानसा जिले के गांव खिल्लन में कांग्रेस से संबंधित पूर्व महिला सरपंच की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। हमलावरों ने वारदात के दौरान महिला सरपंच के पति पर भी फायरिंग की, लेकिन गोली गाड़ी को लगने से वह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल मानसा पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हत्या का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार गांव खिल्लन की पूर्व महिला सरपंच महेंद्रजीत कौर (45) को उनका पति हरप्रीत सिंह शुक्रवार को बुढलाडा से गाड़ी में गांव छोड़कर वापस लौट ही रहा था। इसी दौरान गांव में उनके ही सरीके में पड़ते पड़ोसियों ने अचानक महेंद्रजीत कौर पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पति की गाड़ी पर भी की फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात की सूचना सबसे पहले उनके नौकर ने हरप्रीत सिंह को दी। सूचना मिलते ही हरप्रीत सिंह गाड़ी लेकर तुरंत गांव पहुंचे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर भी फायरिंग कर दी। हालांकि गोली उनकी गाड़ी पर लग गई, जिससे वह सुरक्षित बच निकले।

बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते हरप्रीत सिंह का परिवार लंबे समय से बुढलाडा में रह रहा था। गांव खिल्लन में उनकी जमीन और घर होने के कारण वे शुक्रवार को गांव आए थे। हरप्रीत सिंह खेतीबाड़ी के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट के व्यवसाय से भी जुड़े हुए हैं।

पुलिस ने जांच की शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोषियों को काबू कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *