पंजाब के गुरदासपुर जिले के नवां पिंड झावर के पास वीरवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मिट्टी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो मासूम चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान मनप्रीत (11) पुत्र मनजिंदर कुमार और हरप्रीत (10) पुत्र तरविंदर कुमार के रूप में हुई है। घायल मनजिंदर कुमार को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों के अनुसार दोनों बच्चों की परीक्षाएं चल रही थीं। वीरवार को उनकी ड्राइंग की परीक्षा थी और वे नए रंग लेने की जिद कर रहे थे। इस पर मनजिंदर कुमार उन्हें मोटरसाइकिल पर लेकर पास की दुकान से रंग लेने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

दोनों बच्चे पहियों के नीचे कुचले गए

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चे ट्राली के पहियों के नीचे आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद गांव में रोष फैल गया। आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराज स्वजनों ने शुक्रवार दोपहर करीब 2.30 बजे बब्बरी बाइपास पर धरना लगा दिया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंचे थाना सदर के प्रभारी अमनदीप सिंह और थाना तिब्बड़ की प्रभारी किरणदीप कौर ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस ने कार्रवाई की शुरू

पुलिस ने बताया कि आरोपित बलविंदर सिंह निवासी झावर और बाबी मसीह निवासी बाजेचक्क के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *