युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत गिद्दड़बाहा के गांव वाड़ा किशनपुरा में नशा तस्कर के घर रेड करने गई पुलिस टीम पर हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस दौरान आरोपितों ने पुलिस कर्मियों से हाथापाई की, एएसआई की वर्दी फाड़ दी और महिला कांस्टेबल का मोबाइल फोन छीन लिया। थाना कोटभाई पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

एएसआई दलबीर सिंह, चौकी दोदा ने बताया कि 22 जनवरी की सुबह करीब सवा छह बजे पुलिस पार्टी युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत गांव वाड़ा किशनपुरा निवासी वकील सिंह उर्फ काला पुत्र हरी सिंह के घर पहुंची थी। वकील सिंह पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को देखकर वकील सिंह अपने घर की छत से कूदकर पड़ोसी भोला सिंह पुत्र मिंदा सिंह के घर चला गया।

पुलिस टीम ने पीछा करते हुए भोला सिंह के घर में बने तूड़ी वाले कमरे से वकील सिंह उर्फ काला को काबू कर लिया। इस दौरान वह पुलिस पार्टी से गाली-गलौज करने लगा और हाथ छुड़ाकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम द्वारा उसे काबू में रखने पर धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

लेडी सीनियर कांस्टेबल को वीडियो बनाने से रोका

लेडी सीनियर कांस्टेबल कर्मजीत कौर ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू की, तो शोर सुनकर भोला सिंह और इकबाल सिंह पुत्र हरी सिंह मौके पर आ गए। आरोप है कि भोला सिंह ने महिला कांस्टेबल को वीडियो बनाने से रोका और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। वहीं इकबाल सिंह ने वकील सिंह को पुलिस के कब्जे से छुड़ाने की कोशिश की। इसी दौरान भोला सिंह ने एएसआई दलबीर सिंह का गला पकड़ लिया और उनकी वर्दी का बायां सोल्डर फाड़ दिया।

हालांकि पुलिस टीम ने काफी जद्दोजहद के बाद आरोपित वकील सिंह को काबू में रखा। बाद में महिला कांस्टेबल कर्मजीत कौर और पीएचजी जीत सिंह ने छीना गया मोबाइल फोन वापस ले लिया। सूचना मिलने पर थाना कोटभाई से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

धमकियां देकर आरोपी हुए फरार

पुलिस के पहुंचते ही भोला सिंह और उसके साथी गाली-गलौच व धमकियां देते हुए फरार हो गए। थाना कोटभाई पुलिस ने वकील सिंह उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी भोला सिंह और इकबाल सिंह की तलाश में छापेमारी जारी है। तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *