पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अब कथावाचक अनिरुद्धाचार्य से मुलाकात की है। जिसकी वीडियो उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर सांझा की। डॉ. सिद्धू ने एक बार फिर आयुर्वेदिक डाइट अपनाकर और गोमूत्र का स्नान व सेवन कर कैंसर को हराने में मदद करने का दावा किया है। जिसकी प्रशंसा खुद अनिरुद्धाचार्य ने की। हाल ही में वृंदावन में डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की थी। इसके बाद वह गौरी गोपाल आश्रम पहुंचीं, जहां आश्रम प्रमुख और कथा व्यास अनिरुद्धाचार्य से उनकी मुलाकात हुई। डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने बताया कि वह पेशे से डॉक्टर हैं। उनके अनुसार, जब उन्हें स्टेज-4 कैंसर का पता चला था, तब डॉक्टरों की एक टीम ने कहा था कि उनके पास केवल चार सप्ताह का समय है। इसके बाद उन्होंने आयुर्वेद के अनुसार डाइट अपनाई और नियमित रूप से गोमूत्र का सेवन शुरू किया। उनका दावा है कि इसी जीवनशैली बदलाव से उन्होंने कैंसर को मात देने में सहायता मिली और आज वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। इंटरनेट मीडिया पर डॉ. सिद्धू की तरफ से पोस्ट की गई वीडियो के मुताबिक, अनिरुद्धाचार्य से बातचीत के दौरान डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पाम ऑयल और जंक फूड को बीमारियों की वजह बताया। उन्होंने कहा कि गलत खानपान से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी भी हो सकती है, जबकि आयुर्वेदिक डाइट अपनाने से शरीर की कोशिकाएं कैंसर कोशिकाओं में परिवर्तित नहीं होतीं। अनिरुद्धाचार्य ने मैया कहकर प्रणम किया वीडियो में अनिरुद्धाचार्य ने अपने भक्तों से डॉ. नवजोत कौर सिद्धू का परिचय कराते हुए कहा कि ये नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी हैं और उनकी मैया हैं। इन्होंने कैंसर को हराया है। सभी लोग इनकी डाइट को फाेलो करें ताकि आप हमेशा बिमारियों से दूर रहें। गौमाता की ताकत को पहचानो और बीमारियों को अपने नजदीक आने न दें। डॉ. सिद्धू ने मुलाकात को प्रेरणादायक बताया इंटरनेट मीडिया पर साझा पोस्ट में डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने लिखा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आए 311 माताओं के पुत्र अनिरुद्धाचार्य के साथ उनकी बातचीत बेहद जानकारीपूर्ण और प्रेरणादायक रही। उन्होंने कहा कि यह हम भारतीयों के लिए शर्म की बात है कि हमारे जीवन में इतने महान संत और गुरु होने के बावजूद हम अपने धर्म और कर्म को भूलते जा रहे हैं। डॉ. नवजोत कौर ने लिखा कि भगवान राम, भगवान कृष्ण, गुरु तेग बहादुर जी, गुरु गोबिंद सिंह जी और गुरु नानक देव जी जैसे महापुरुषों ने हमें मुक्ति, त्याग और बलिदान का मार्ग दिखाया है। हमारे पास गुरु ग्रंथ साहिब और भगवद गीता जैसी पवित्र शिक्षाएं भी हैं, जो जीवन को सही दिशा देती हैं। उन्होंने कहा कि आज भी प्रेमानंद महाराज, श्री श्री रविशंकर, सद्गुरु जैसे कई जीवित गुरु सत्य, संतुलन और आत्मा के परमात्मा से मिलन का मार्ग बता रहे हैं। इसके बावजूद हम सच्चाई को अपनाने से इनकार कर रहे हैं, जो चिंताजनक है। Post navigation भारत-पाक सीमा पर बड़ी बरामदगी। अमृतसर रूरल पुलिस ने 4 हैंड ग्रेनेड क साथ 43 किलो हेरोइन जब्त की है। खेप सीमा पार से भेजे जाने की आशंका है। अमृतसर में मोबाइल स्नैचिंग की कोशिश, विरोध पर लड़की को थप्पड़; CCTV फुटेज सामने आया।