पंजाब के मानसा में दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मां चरण कौर के बयानों के आधार पर थाना सदर पुलिस ने एक म्यूजिक कंपनी समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े दस्तावेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, बीते 11 फरवरी को मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह, माता चरण कौर और चाचा चमकौर सिंह छोटे सिद्धू के साथ मानसा पहुंचे थे। उन्होंने डीआईजी बठिंडा रेंज हरजीत सिंह से मुलाकात कर इंसाफ की मांग की थी। परिवार का आरोप था कि उनके बेटे की कंपनियों से जुड़े करोड़ों रुपये के लेन-देन में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। एसएसपी कार्यालय के बाहर दिया था धरना इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना भी दिया था, जिसके बाद उनकी अधिकारियों से बैठक कराई गई। पिता बलकौर सिंह ने आरोप लगाया था कि डीजीपी कार्यालय से फाइल मार्क होने के बावजूद एसएसपी कार्यालय में उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि जिन कंपनियों के पास सिद्धू मूसेवाला के गीतों की मार्केटिंग और डिजिटल राइट्स हैं, वे पिछले करीब एक साल से न तो ऑडिट रिपोर्ट दे रही हैं और न ही रॉयल्टी का भुगतान कर रही हैं। परिवार ने लगभग 30 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप लगाया है। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया पुलिस ने चरण कौर के बयान पर वन डिजिटल एंटरटेनमेंट नेटवर्क कंपनी के अलावा गुरप्रीत सिंह उर्फ भसीन और शबीर मोइन के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों को जांच में शामिल किया जाएगा और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।इस मामले में गीतकार बंटी बैंस का नाम भी चर्चा में आया था। बलकौर सिंह ने उनके खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग की थी। हालांकि बंटी बैंस ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए खुद को निर्दोष बताया और कहा कि वे सिद्धू के परिवार के साथ हैं तथा पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे। Post navigation मानसा में पूर्व महिला सरपंच की हत्या, पति पर भी फायरिंग पुलिस को रंजिश का शक।