पंजाब से जुड़ी भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़ा एक अहम फैसला किसानों के हित में लिया गया है। सुरक्षा के लिए लगाई गई कंटीली बाड़ को अंतरराष्ट्रीय सीमा से 200 मीटर आगे किया जाएगा। ये जानकारी पूर्व मंत्री व सरहदी कस्बे अजनाला के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने दी है।

उन्होंने जानकारी दी कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक के दौरान सीमावर्ती किसानों की लंबे समय से लंबित समस्या को प्रमुखता से उठाया था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरहद पर लगी मौजूदा कंटीली तार के कारण हजारों एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि तार के पार चली गई है, जिससे किसानों को खेती करने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सीमा के पार स्थित इन खेतों में किसानों को सीमित समय में खेती करने, कठोर सुरक्षा जांच, फसल की ऊंचाई पर नियंत्रण और महिलाओं की तलाशी जैसे कई प्रतिबंध झेलने पड़ते थे। इस कारण यह मुद्दा सालों से किसानों के लिए गंभीर परेशानी बना हुआ था।

15 दिन में काम शुरू होने की कही बात

मुख्यमंत्री मान ने मांग की कि या तो तार के आगे की भूमि का उचित मुआवजा दिया जाए या फिर कंटीली बाड़ को अंतरराष्ट्रीय सीमा से 200 मीटर भारत की ओर स्थानांतरित किया जाए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस प्रस्ताव को सिद्धांत रूप में मंज़ूरी दे दी है और आने वाले 15 दिनों में इस पर काम शुरू होने की उम्मीद जताई गई है।

इस फैसले से पंजाब की लगभग 532 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित हज़ारों एकड़ भूमि किसानों के लिए दोबारा उपलब्ध हो जाएगी। सीमावर्ती इलाकों के निवासियों के लिए यह एक बड़ी राहत मानी जा रही है।

किसानों की लड़ाई हमेशा रहेगा जारी

पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि सीमावर्ती इलाकों के किसानों द्वारा जल्द ही मुख्यमंत्री भगवंत मान का विशेष सम्मान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का पंजाब की राजनीति से पूरी तरह सफाया हो जाएग।

अब लोग सिर्फ काम करने वाली सरकार चाहते हैं। धालीवाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार आगे भी किसानों, मजदूरों और सरहद के लोगों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *