दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चालीस मुक्तों की शहादत को समर्पित मेला माघी मौके मुक्तसर के लंबी ढाब में आयोजित विश्व प्रसिद्ध पशु मंडी में करोड़ों रुपये के एक से बढ़कर एक घोडे़ आए हुए हैं। वहीं डाग, बिल्ली समेत अन्य जानवर भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। मंडी में राजस्थान के जालौर जिले से आए दो करोड़ की कीमत का 68 इंच लंबा काले रंग का मारवाड़ी नस्ल का शिवराज नाम का घोड़ा लोगों के लिए आकर्षित का केंद्र बना हुआ है। वहीं लगभग 10 साल पहले शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल के स्टड फार्म से खरीद किया घोड़ा महाराजा भी प्रदर्शनी के लिए लाया गया है। मंडी में कुल मिलाकर लगभग 100 करोड़ की कीमत के घोड़े बेचने व प्रदर्शनी के लिए लाए गए हैं। 18 जनवरी तक चलने वाली इस पशु मंडी में यूपी, गुजरात, तामिलनाडु, हरियाणा, राजस्थान एवं मुंबई समेत अन्य राज्यों से घोड़े व अन्य पशु लेकर पशु पालक पहुंचे हुए हैं। इनमें से अनेकों पशु पालक जहां अपने घोड़ों व अन्य पशुओं को सिर्फ प्रदर्शित करने के लिए लेकर पहुंचते हैं। वहीं कई पशु पालक अपने करोड़ों रुपये कीमत के घोड़ों की बिक्री को आते हैं। मेले में नुकरा व मारवाड़ी नस्ल के घोड़े ज्यादा आए हुए हैं। 5 साल का है शिवराज पशु मंडी में राजस्थान के जिला जालौर के गांव रेवतड़ा से आए नारायण सिंह ने बताया कि उसके मारवाड़ी नस्ल के घोड़े शिवराज की कीमत दो करोड़ है। वे इसे बेचने के लिए मुक्तसर मंडी में लेकर आए हैं। उनके इस घोड़े का कद 68 इंच व उम्र पांच वर्ष की है। उनका यह घोड़ा राजस्थान में 2021 में हुई प्रदर्शनी प्रतियोगिता में विजेता रहा था। यहां मंडी में भी उनके घोड़ों को देखकर हर कोई तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मारवाड़ी घोड़े की खुराक में मुख्य रूप से उच्च गुणवत्ता वाला चारा (घास/भूसा) और कुछ अनाज शामिल होते हैं, जो उसके शरीर के वजन का 1.5-2 प्रतिशत होता है। मूंगफली की नीरा, जौ, चना, और बाजरा जैसे दाने भी देते हैं। सूखे चारे में 90 प्रतिशत सूखा पदार्थ देते हैं। सुखबीर बादल के स्टड फार्म से खरीदा था घोड़ा राजस्थान के हनुमानगढ़ में स्थित सूरेवाला स्टड फार्म के हरदेव सिंह ने बताया कि वे पशु मंडी में दो घोड़े और दो बछेरे लेकर आया है। उनके घोड़ों का नाम बुलेट और महाराजा है। बुलेट का कद 67 इंच है तो महाराजा का कद 64 इंच है। एक घोड़े की कीमत करीब 40 से 50 लाख है। महाराजा घोड़े को उन्होंने 2015 में शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के स्टड फार्म से खरीदा था। उस समय महाराज सात साल का था। आज 17 साल का हो चुका है। भाई डल्ल सिंह स्टड फार्म तलवंडी साबो के सरबजीत सिंह ने बताया कि वे अपने 69 इंच लंबे घोड़े बाज को लेकर पशु मंडी आए हैं। इसकी उम्र छह वर्ष तथा रंग सफेद है। ये पंजाब की ब्लड लाइन मझूके नस्ल का घोड़ा है। गांव भागसर (मुक्तसर) सुल्तान स्टड फार्म से आए गोपी ने बताया कि उनके घोड़े सुल्तान का कद 69 इंच है। जबकि वांदरजटाना (कोटकपूरा) से आए गोशा बराड़ का घोड़ा आस्कर भी 66 प्लस हाइट का है। वह घोड़े को प्रदर्शनी के लिए लाए थे। पर्शियन नस्ल की बिल्ली की कीमत 10,000 से ज्यादा पशु मंडी में आए मनिंदर सिंह काउनी ने बताया कि वे दस हजार की पर्शियन नस्ल की बिल्ली लेकर आए हैं। यह बिल्ली दिखने में बहुत खूबसूरत थी। जबकि लवजीत सिंह फिरोजपुर भी पर्शियन बिल्ली लेकर मंडी पहुंचे हैं जिसकी कीमत 12 हजार है। मेले में मनिंदर सिंह थांदेवाला का गद्दी डाग भी लोगों को भा रहा है। इस डाग की उम्र 11 साल है। प्रयागराज से आए इंद्रजीत चकौर जंतु लेकर पहुंचे हैं। इसका अंडा 40 से 50 रुपये में बिकता है। चकौर का 800 का जोड़ा है। इसका अंडा सर्दियों में काफी बिकता है।