अमृतसर के बटाला रोड स्थित सन सिटी क्षेत्र में हनुमान मंदिर परिसर की बाहरी दीवार के पास बने कूड़े के ढेर में कुछ धार्मिक प्रतीक आपत्तिजनक अवस्था में पाए जाने से माहौल तनावपूर्व हो गया। यह खबर फैलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में रोष उत्पन्न हो गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे।

स्थिति को देखते हुए कई निहंग सिख जत्थेबंदियों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। निहंग सिंह जत्थेदार बाबा पवनदीप सिंह ने बताया कि मौके पर पाए गए धार्मिक प्रतीकों को पूरे सम्मान और मर्यादा के साथ उठाकर विधिवत संस्कार किया गया। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल के निकट ऐसी लापरवाही या शरारत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जत्थेबंदियों ने प्रशासन से मामले की गंभीर जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस बीच मंदिर में पिछले 30–40 वर्षों से सेवा कर रहे सेवादार भारत भूषण ने घटना पर गहरा खेद जताते हुए अपनी सफाई पेश की।

लोगों की भावना हुई आहत

उन्होंने कहा कि मंदिर की बाहरी दीवारें नीची होने के कारण कोई शरारती तत्व बाहर से सामग्री फेंक सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी भी धर्म, आस्था या भावना को आहत करने का नहीं था। भारत भूषण ने हाथ जोड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि वह भविष्य में सुरक्षा बढ़ाने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।

सेवादार द्वारा खेद व्यक्त किए जाने और माफी मांगने के बाद निहंग जत्थेबंदियों ने मामला शांतिपूर्वक सुलझा लिया। उन्होंने कहा कि माफी स्वीकार है, लेकिन भविष्य में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, निगरानी और साफ़–सफ़ाई को लेकर प्रशासन और प्रबंधन को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। घटना के बाद क्षेत्र में माहौल सामान्य हो गया, पर स्थानीय लोगों ने ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *