चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में बस स्टैंड स्थित सीटीयू कैश ब्रांच में मंगलवार तड़के पुलिस वर्दी पहने एक बदमाश ने 14 लाख रुपये लूट लिए। लुटेरे ने सिक्योरिटी गार्ड गौरव को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस चौकी के पास हुई इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। छुट्टियों के कारण ब्रांच में बड़ी नकदी जमा थी। पुलिस जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस की वर्दी में वारदात को दिया अंजाम

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-17 बस स्टैंड की पहली मंजिल पर सीटीयू की कैश ब्रांच स्थित है। मंगलवार तड़के करीब चार बजे एक युवक पुलिस की वर्दी पहनकर कैश ब्रांच के बाहर पहुंचा। अंदर ड्यूटी पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड गौरव (23) ने जब उसे पुलिस की वर्दी में देखा तो वह डर गया।

आरोपी ने गौरव को धमकाते हुए कहा कि कैश ब्रांच में गलत गतिविधियां चल रही हैं और वह चेकिंग के लिए आया है। आरोपी के दबाव में गौरव ने कैश ब्रांच का दरवाजा खोल दिया। अंदर दाखिल होते ही आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए लॉकर और चाबियों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। जैसे ही गौरव ने लॉकर और चाबी की जानकारी दी, आरोपी ने उसे कैश ब्रांच के अंदर बने एक कमरे में बंद कर दिया।

14 लाख रुपये लूटकर फरार हुआ बदमाश

इसके बाद आरोपी ने लॉकर खोलकर उसमें रखे करीब 14 लाख रुपये नकद निकाल लिए और मौके से फरार हो गया। गार्ड गौरव कमरे में बंद होकर लगातार मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन बस स्टैंड परिसर में शोर-शराबे के चलते किसी को उसकी आवाज सुनाई नहीं दी। आरोपी के फरार होते ही सुबह करीब 4:10 बजे जब अगली शिफ्ट के लिए एक युवती कैश ब्रांच पहुंची, तो उसने अंदर से आवाजें सुनीं।

इसके बाद महिला ने बाहर से कुंडी खोलकर गौरव को कमरे से बाहर निकाला। बाहर निकलते ही गौरव ने तत्काल सीटीयू अधिकारियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने गार्ड के बयान दर्ज कर लिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चार छुट्टियां होने के कारण कैश ब्रांच में बड़ी मात्रा में नकदी जमा थी, जिसका फायदा लुटेरे ने उठाया।

पुलिस चौकी के पास वारदात, जांच में कई सवाल

गौर करने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर लूट की वारदात हुई, उससे कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है, इसके बावजूद पुलिस को भनक तक नहीं लगी। यही नहीं, वारदात मंगलवार तड़के करीब चार बजे हुई, जबकि पुलिस को इसकी सूचना सुबह करीब नौ बजे दी गई। इस देरी को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपी की पहचान, उसके पुलिस वर्दी हासिल करने के तरीके और कैश ब्रांच की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *