जालंधर शहर में थाना तीन के सामने स्थित ताज पेट शॉप में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिससे दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब आठ बजे ताज पेट शॉप से धुआं निकलता देख सामने स्थित थाना तीन के पुलिस मुलाजिमों और आसपास के लोगों ने तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी। धुआं उठता देख पुलिसकर्मी और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। दुकान के अंदर रखा सामान बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोग एकजुट होकर जुट गए। दुकान के अंदर जला सामान। दुकान के ऊपर रिहायश, बाल-बाल बचा परिवार ताज पेट शॉप के मालिक हरविंदर सिंह ने बताया कि दुकान के ऊपर ही उनकी रिहायश है। सुबह अचानक दुकान से धुआं उठता देख गली में टहल रहे लोगों और थाना तीन के मुलाजिमों ने उन्हें फोन कर आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह तुरंत नीचे पहुंचे। उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान में आग लगी थी, जिसने तेजी से सामान को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस मुलाजिमों ने सामान निकालने में की मदद हरविंदर सिंह के अनुसार पुलिस मुलाजिमों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्होंने दुकान के अंदर रखा सामान बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी। हालात को देखते हुए इलाके के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल विभाग की टीम एक फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान मालिक ने बताया कि आग की वजह से दुकान के अंदर रखा करीब 90 प्रतिशत सामान जलकर नष्ट हो गया है, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। वहीं दमकल विभाग के कर्मियों ने बताया कि उन्हें थाना तीन के सामने पेट शॉप में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर एक गाड़ी की मदद से आग को नियंत्रित कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट ही सामने आया है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा। Post navigation कॉलेज प्रधानगी विवाद में फायरिंग करने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार। PM मोदी के जालंधर दौरे से पहले बड़ा अलर्ट। शहर के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।