भारत पाकिस्तान सीमा पर अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने ग्राम रक्षा समिति (वीडीसी) के सहयोग से नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी और अहम कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने नार्को-आर्म्स की एक बड़ी खेप बरामद की, जिसमें चार हैंड ग्रेनेड जैसी अत्यंत खतरनाक विस्फोटक सामग्री भी शामिल है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह बरामदगी राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर मानी जा रही है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर ग्रामीण क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान वीडीसी के सदस्यों ने संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई, जिसके बाद संयुक्त टीम ने इलाके में दबिश दी। 301 करोड़ की हेरोइन बरामद बरामद सामग्री में 42.983 किलोग्राम हेरोइन, चार हैंड ग्रेनेड, एक स्टार मार्क पिस्टल, .30 बोर के 46 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल शामिल है। पकड़ी गई हेरोइन की इंटरनेशनल वेल्यू तकरीबन 301 करोड़ के करीब आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हैंड ग्रेनेड की मौजूदगी इस बात की ओर इशारा करती है कि तस्करों के मंसूबे सिर्फ नशा तस्करी तक सीमित नहीं थे, बल्कि वे किसी बड़ी आपराधिक या आतंकी वारदात को भी अंजाम दे सकते थे। दो आरोपी हिरासत में लिए बरामदगी के बाद की गई जांच में अमृतसर के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह खेप सीमा पार से तस्करी कर लाई गई थी और इसे पंजाब के विभिन्न जिलों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोहों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश, सप्लाई चेन की पुष्टि और पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने वीडीसी की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जनता के सहयोग से ऐसे संगठित अपराधों पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सकती है। Post navigation अमृतसर में बिजली बोर्ड से रिटायर्ड महिला का गला रेत नृशंस हत्या, खून से सना मिला शव; किराएदार फरार वृंदावन में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य से मिलीं सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर। गोमूत्र और आयुर्वेदिक डाइट से कैंसर को हराने का दावा किया।