इजराइल-अमेरिका और इरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब सीधे तौर पर आम आदमी की रसोई पर देखने को मिल रहा है। हालांकि सरकारी तौर पर यह दावा किया जा रहा है कि कच्चे तेल की आपूर्ति पर कोई संकट नहीं है और पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर हैं, लेकिन घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की सप्लाई चेन पूरी तरह चरमरा गई है।

आम दिनों में जहां घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग के तीन से पांच दिन के भीतर मिल जाती थी, वहीं अब उपभोक्ताओं को 21 दिन से अधिक का इंतजार करना पड़ रहा है। कई शहरों में तो पिछले तीन दिनों से गैस सिलेंडर बुकिंग का नंबर ही बंद आ रहा है, जिससे उपभोक्ता नए सिलेंडर की बुकिंग ही नहीं कर पा रहे हैं।

इस संकट की सबसे ज्यादा मार गृहणियों पर पड़ी है। खाली सिलेंडर के सहारे खाना पकाने को मजबूर महिलाओं के माथे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं। गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई हैं। गृहिणी सीमा ने बताया कि गैस सिलेंडर दस दिन पहले खत्म हो गया था। बुकिंग नंबर ही नहीं लग रहा।

घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे होटल, ढाबे और बेकरी जैसे वाणिज्यिक प्रतिष्ठान भी इस संकट की चपेट में हैं। वाणिज्यिक सिलेंडरों की कीमतें पहले से अधिक हैं, लेकिन अब सप्लाई न मिलने से छोटे कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ढाबा संचालक सुरेश ने बताया कि उन्हें एक सप्ताह से गैस नहीं मिली है, जिससे उनका रोजाना का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडरों का स्टाक खत्म होने की कगार पर है।

अगर आने वाले कुछ दिनों में हालात नहीं सुधरे तो कारोबार बंद करने को विवश होना पड़ेगा। वहीं गैस एजेंसी मालिकों का तर्क है कि लोग घबराहट में घरों में सिलेंडर स्टोर कर रहे हैं, जिसके चलते सप्लाई में थोड़ी परेशानी आ रही है। गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अपील की है कि लोग गैस सिलेंडरों को स्टाक न करें ताकि सभी को जरूरत के अनुसार सप्लाई मिल सके।

वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह तनाव जल्दी खत्म नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में यह संकट और गहरा सकता है और इसका असर सिर्फ गैस सिलेंडर तक सीमित न रहकर अन्य पेट्रोलियम पदार्थों पर भी पड़ सकता है। तब तक आम आदमी को रसोई की इस जरूरत के लिए इंतजार और मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

उधर, मामले लेकर डिप्टी कमिश्नर आदित्य उप्पल का कहना है कि जिले में पेट्रोल और घरेलू गैस को लेकर कोई भी दिक्कत नहीं आ रही। लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत पैट्रोलियम और गैस एजेंसी के मालिकों के साथ मीटिंग हो चुकी है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। वहीं उन्होंने कहा कि अगर कोई पेट्रोल गैस की कालाबाजारी की कोशिश करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed