पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना में ब्लाक समिति चेयरमैन और उप चेयरमैन के चुनाव को लेकर सोमवार को माहौल काफी गर्म रहा। चुनाव प्रक्रिया के विरोध में प्रदर्शन कर रहे पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली और उनके कई समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस की ओर से पहले ही इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया था। इसी को देखते हुए सुबह से ही पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और शहर के कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या समराला चौक में एकत्रित हुई। यहां पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली की अगुवाई में पार्टी नेताओं और समर्थकों ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ब्लाक समिति के चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से नहीं कराए गए।

कांग्रेस का आप पर धक्केशाही का आरोप

कांग्रेस नेताओं का कहना था कि कुल 16 सदस्यों वाली ब्लाक समिति में आम आदमी पार्टी के पास बहुमत नहीं है, फिर भी छह जीते हुए सदस्यों के आधार पर चेयरमैन और उप चेयरमैन का चयन कर दिया गया। उनका आरोप था कि यह पूरी प्रक्रिया धक्केशाही से की गई है।

प्रदर्शन के बाद गुरकीरत सिंह कोटली के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बीडीपीओ कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। उनका इरादा कार्यालय को ताला लगाकर विरोध दर्ज करवाने का था। जैसे ही वे कार्यालय के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया।

पुलिस अधिकारियों ने सबसे पहले पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली को हिरासत में लिया, क्योंकि उनके हाथ में ताला था जिसे कार्यालय के गेट पर लगाया जाना था। इसके बाद करीब 40 से 50 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी लोगों को दो बसों में बैठाकर अपने साथ ले गई। इस कार्रवाई के बाद बीडीपीओ कार्यालय को ताला लगाने की कोशिश विफल हो गई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके।

प्रदर्शन और तेज करने की चेतावनी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह के तनाव को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया। हिरासत में लिए जाने से पहले गुरकीरत सिंह कोटली ने कहा कि वह किसी भी दबाव या सरकारी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

कोटली ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने ब्लाक समिति चुनावों के दौरान लोकतंत्र का “कत्ल” किया है और कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर पार्टी कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी और आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।

उन्होंने खन्ना से विधायक और पंजाब सरकार के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। गुरकीरत सिंह कोटली ने यह भी कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें हिरासत में लिया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक संकेत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *