पंजाबी सिनेमा के मशहूर हास्य कलाकार जसविंदर सिंह भल्ला अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके चाहने वालों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। देहांत के बाद भी वह एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आएंगे, वह भी एआई अवतार के रूप में। उनकी सुपरहिट फिल्म श्रृंखला कैरी ऑन जट्‌टा 4 का टीजर सामने आया है, जिसमें जसविंदर भल्ला का एआई रूप दर्शकों को चौंका रहा है।

इस टीजर के साथ फिल्म की रिलीज तारीख का भी ऐलान कर दिया गया है। यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर में दिखाया गया है कि भल्ला का किरदार पहले की तरह ही अपने मजेदार अंदाज में नजर आता है। एआई तकनीक के जरिए उनकी शक्ल और आवाज दोनों को इस तरह तैयार किया गया है कि दर्शकों को वही पुराना अंदाज देखने को मिलेगा।

खास बात यह है कि टीजर में उनका एआई अवतार गिप्पी ग्रेवाल और बिन्नू ढिल्लों से कहता है कि अभी तो यह सिर्फ झलक है, ट्रेलर में वह उनसे भी ज्यादा दिखाई देंगे।

मूसेवाला भी दिखे थे अपने गीतों में

पंजाब फिल्म व म्यूजिक इंडस्ट्री में ये पहली बार नहीं है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के देहांत ने भी पूरी इंडस्ट्री व फैंस को झंझोर के रख दिया था। लेकिन, उनके गीतों में उनकी कमी को AI अवतार ने कुछ हद तक कम करने का प्रयास किया था। उसी तरह फिल्म इंडस्ट्री ने भी अब जसविंदर भल्ला के देहांत के बाद उनकी कमी को कम करने के लिए AI अवतार चुना है।

गौरतलब है कि जसविंदर भल्ला का निधन 22 अगस्त 2025 को मस्तिष्क आघात के कारण हो गया था। उनके निधन से पंजाबी सिनेमा को बड़ा झटका लगा था, लेकिन अब एआई तकनीक के जरिए उन्हें फिर से पर्दे पर जीवित करने की कोशिश की गई है।

गंदी औलाद मजा ना स्वाद…. डायलॉग से एंट्री

फिल्म में हास्य का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा। टीजर में भी उनकी एंट्री उनके फेमस डायलॉग- गंदी औलाद, ना मजा ना स्वाद से हुई है। इसमें गुरप्रीत घुग्गी, कर्मजीत अनमोल, बीएन शर्मा, पुखराज भल्ला और शिंदा ग्रेवाल जैसे कलाकार नजर आएंगे। टीजर में पारिवारिक कॉमेडी, गलतफहमियों और मजेदार संवादों की झलक दिखाई गई है।

खास तौर पर भल्ला के किरदार का वही पुराना अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आएगा, जिसमें वह अपने चिर-परिचित संवादों और हाव-भाव से हंसी का माहौल बनाते हैं।

फिल्म को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ा

अगर इस फिल्म श्रृंखला के इतिहास पर नजर डालें तो 2012 में आई पहली फिल्म ने शानदार सफलता हासिल की थी। इसके बाद 2018 में दूसरी फिल्म और 2023 में तीसरी फिल्म ने भी कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए। तीसरी फिल्म ने तो दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था।

अब चौथे भाग से भी दर्शकों को बड़ी उम्मीदें हैं। खासकर एआई के जरिए जसविंदर भल्ला की वापसी ने इस फिल्म को लेकर उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed