पंजाब के अमृतसर में सीमा क्षेत्र में स्थित भिंडी सैदां थाना पर हुए ग्रेनेड हमले का एक वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं। करीब 14 सेकेंड के इस वीडियो में दो युवक नजर आ रहे हैं, जिनके हाथ में हैंड ग्रेनेड दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के अंतिम हिस्से में जोरदार धमाका होता हुआ दिखता है और उसके बाद धुएं का गुबार उठता नजर आता है।

हालांकि दैनिक जागरण इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। जानकारी के अनुसार यह हमला 30 मार्च की सुबह हुआ था। सूत्रों का कहना है कि दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर थाना के पास पहुंचे थे। घटना के तुरंत बाद थाना परिसर का गेट अंदर से बंद कर दिया गया और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

घटना से जुड़े सीसीटीवी दृश्यों में भी दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस इन दोनों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यह थाना पाकिस्तान सीमा के नजदीक होने के कारण पहले से ही संवेदनशील माना जाता है।

खालिस्तान लिब्रेशन आर्मी का खत हुआ था वायरल

इस बीच, खालिस्तान लिब्रेशन आर्मी नामक संगठन ने सामाजिक माध्यमों पर पोस्ट जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में कहा गया है कि थाना पर दो हैंड ग्रेनेड फेंके गए थे और इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस ने इस दावे को फर्जी बताते हुए कहा है कि इस तरह की भ्रामक सूचनाओं से लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।

वीडियो में एक युवक को यह कहते हुए भी सुना गया है कि कार्रवाई हो गई। इसके बाद धमाके की तेज आवाज सुनाई देती है और दृश्य में धुआं फैलता हुआ नजर आता है। इस वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने गंभीरता से जांच की शुरू

पोस्ट में कुछ पुलिस अधिकारियों को धमकी देने की बात भी सामने आई है, जिसमें सीमा क्षेत्र के एक वरिष्ठ अधिकारी को अगला निशाना बताया गया है। इसके साथ ही कुछ अधिकारियों की तस्वीरों के साथ आपत्तिजनक संकेत भी लगाए गए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले गुरदासपुर में एक पुलिस सहायक उपनिरीक्षक और एक होमगार्ड जवान की गोली मारकर हत्या की घटना भी सामने आई थी। उस मामले में भी सामाजिक माध्यमों पर अलग-अलग संगठनों द्वारा जिम्मेदारी लेने के दावे किए गए थे।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कई पहलुओं पर जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed