क्रिकेटर रहे नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के उन्हें पागल कहने पर भड़क गई हैं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने सीधे तौर पर सुखबीर बादल को चुनौती देते हुए कई सवाल उठाए हैं, जिससे राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।

डॉ. नवजोत कौर ने इस वीडियो को अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर जारी किया है। अपने बयान में कहा कि वह अकेली ऐसी हैं जो खुलकर सुखबीर बादल के खिलाफ बोल रही हैं। उन्होंने कहा कि जो भी उनके खिलाफ आवाज उठाता है, उसे दबाने की कोशिश की जाती है, लेकिन वह पीछे हटने वाली नहीं हैं।

जमीन का हिसाब देने को कहा

डॉ. नवजोत ने सबसे पहले जमीन के मुद्दे को उठाते हुए आरोप लगाया कि जब सुखबीर बादल राजनीति में आए थे, तब उनके पास 18 एकड़ सीमित जमीन थी, लेकिन अब उन्होंने बड़े स्तर पर संपत्ति खड़ी कर ली है। उन्होंने सवाल किया कि इतनी जमीन और संपत्ति कहां से आई और जनता को इसका जवाब दिया जाना चाहिए।

टूरिज्म विभाग की प्रॉपर्टियों को करीबियों को सौंपा

इसके अलावा उन्होंने सरकारी संपत्तियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यटन विभाग की प्रॉपर्टियों और विश्राम गृहों को अपने नजदीकी लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए बेचा गया। उन्होंने परिवहन और खनन के क्षेत्र में भी एकाधिकार कायम करने के आरोप लगाए और कहा कि आम लोगों को काम करने का मौका नहीं दिया गया।

गुरुघरों के दुरुपयोग के लिए आरोप

हालांकि दैनिक जागरण डॉ. नवजोत कौर के आरोपों की पुष्टि नहीं करता, लेकिन उन्होंने धार्मिक मामलों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारों और धार्मिक संस्थाओं का गलत इस्तेमाल किया गया और चढ़ावे का सही उपयोग नहीं हुआ। साथ ही उन्होंने जत्थेदारों पर दबाव बनाने और फैसलों को प्रभावित करने के आरोप भी लगाए।

बादल सरकार के समय व्यापार को पहुंचा नुकसान

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में व्यापार प्रभावित हुआ क्योंकि हर क्षेत्र में हिस्सेदारी मांगी जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई परियोजनाएं लोगों के हित में नहीं बल्कि निजी लाभ के लिए चलाई गईं।

अंत में उन्होंने सुखबीर बादल को चेतावनी देते हुए कहा कि अब जनता जवाब मांग रही है और हर आरोप का स्पष्ट उत्तर देना होगा। हालांकि इन आरोपों पर अभी तक सुखबीर बादल या उनके दल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed