पंजाब मिल्क डेयरी यूनियन एकता ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ बठिंडा एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है यह शिकायत एक वायरल वीडियो को लेकर की गई है, जिसमें चन्नी को कथित तौर पर नकली दूध बनाने की प्रक्रिया समझाते हुए दिखाया गया है। यूनियन का आरोप है कि इस वीडियो के कारण लोगों में भ्रम फैल रहा है और दूध कारोबारियों की छवि खराब हो रही है। वीडियो वायरल होने के बाद राज्यभर में दूध व्यापार से जुड़े लोगों में रोष देखा जा रहा है। पंजाब मिल्क डेयरी यूनियन एकता के प्रदेश अध्यक्ष हरजिंदर सिंह बड़ी संख्या में दूध कारोबारियों के साथ एसएसपी बठिंडा कार्यालय पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। हरजिंदर सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस वीडियो के कारण उनके कारोबार पर नकारात्मक असर पड़ा है। उन्होंने बताया कि वीडियो में यूरिया से दूध बनाने की बात कही गई है, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि अब उपभोक्ता लगातार दूध विक्रेताओं से सवाल कर रहे हैं कि क्या वे यूरिया का इस्तेमाल करते हैं। यूनियन ने स्पष्ट किया कि वे घर-घर से दूध एकत्रित कर उसे उपभोक्ताओं तक पहुंचाते हैं और किसी प्रकार के रासायनिक पदार्थ का उपयोग नहीं किया जाता। यूनियन अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि वास्तव में यूरिया जैसे पदार्थों से दूध तैयार किया जाए, तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है और समाज में जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में यूनियन ने प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों में फैले भ्रम को दूर किया जा सके और दूध कारोबारियों के हितों की रक्षा हो सके। Post navigation Chhattisgarh में Vedanta Limited के पावर प्लांट में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं।