मध्य पूर्व में ईरान और इराक के बीच बढ़ते तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। सुरक्षा कारणों और हवाई मार्गों में बदलाव के चलते श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर से संयुक्त अरब अमीरात और कतर जाने-आने वाली 7 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार मध्यरात्रि 1.15 बजे दुबई से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX192 रद्द रही। इसके अलावा रात 2.40 बजे दोहा से आने वाली कतर एयरवेज की फ्लाइट QR326 भी नहीं पहुंची। सुबह 7.40 बजे दुबई से आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट SG56 और रात 9 बजे शारजाह से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E5119 भी निरस्त कर दी गई।

विदेश में फंसे सैलानी लगा रहे गुहार

यूएई में फंसे हितेश ने इंटरनेट मीडिया पर जानकारी सांझा करते हुए भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने अपने संदेश में लिखा- हम फ्लाइट 6E 1428 के यात्री हैं, जिसे शारजाह से अमृतसर के लिए रवाना होना था, लेकिन अब इसे रद्द कर दिया गया है। हम इस समय एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं और एयरलाइन की ओर से हमें किसी भी प्रकार की सुविधा या सहायता उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

सुरक्षा के लिए लिया गया फैसला

एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों को एसएमएस और ईमेल के माध्यम से सूचना देने का दावा किया है। मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया है। स्थिति सामान्य होने के बाद उड़ानों का संचालन फिर से बहाल किया जाएगा। फिलहाल यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed