पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं क्षेत्र के गांव जंडी में हुए 55 वर्षीय व्यक्ति के अंधे कत्ल मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मृतक के बेटे को हिरासत में लिया है। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक जमीनी विवाद इस हत्या की मुख्य वजह हो सकता है।

घटना बुधवार दोपहर की है, जब गांव जंडी में अपने घर में अकेले रहने वाले हरजिंदर सिंह की तेजधार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि हमलावर ने उनके सिर पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

इस वारदात की सूचना गांव के सरपंच ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिधवांबेट थाना पुलिस, विशेष जांच दल और वैज्ञानिक जांच टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सबूत जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल जगराओं में परीक्षण के लिए भेज दिया गया।

परिवार पर आई शक की सुई

शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर शक की सुई परिवार की ओर घूम गई। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनके आधार पर पुलिस ने मृतक के बेटे को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने रिश्तों में कड़वाहट पैदा कर दी थी, जो अंततः इस खौफनाक वारदात में बदल गई। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक विवाद किस तरह खतरनाक रूप ले सकते हैं। गांव में इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण है और लोग स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed