पंजाब में लुधियाना के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र दाल बाजार में वीरवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक रिहायशी मकान के अंदर चल रही छोटी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे में 68 वर्षीय चरणजीत शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मकान के अंदर संचालित फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। रिहायशी इलाका और संकरी गलियां होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तंग गलियों के कारण वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि जगह की कमी के चलते करीब 12 लंबी पाइपों को जोड़कर अंदर तक पानी पहुंचाया गया। आग इतनी भयानक थी कि आग पर काबू पाने के लिए फारय ब्रिगेड को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। 

मलबे से निकाला शव

आग बुझाने के दौरान मलबे और धुएं के बीच से एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान चरणजीत शर्मा (68) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह फैक्ट्री के अंदर ही मौजूद थे और बाहर नहीं निकल सके। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों को लेकर जांच की जा रही है।

इस घटना ने रिहायशी क्षेत्रों में अवैध या असुरक्षित ढंग से चल रही फैक्ट्रियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed