जमालपुर इलाके के बुड्ढेवाल रोड स्थित विटल स्टील लिमिटेड में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। फैक्ट्री में काम कर रहा 26 वर्षीय युवक सचिन गौतम लोहे की भट्ठी में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। आग से युवक का शरीर राख हो गया।

परिवार को जब पता चला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थाना जमालपुर पुलिस ने परिवार के बयान पर फैक्ट्री मालिक पर केस दर्ज कर लिया है। मृतक सचिन मूलरूप से यूपी के कुशीनगर के गांव बभनोली का रहने वाला था, और परिवार के साथ जमालपुर स्थित एचएल कालोनी में रहता था। उसके परिवार में माता-पिता, भाई और बहन हैं। उसकी बहन वकील है, जबकि उसके भाई का व्यवसाय है।

दसवीं की पढ़ाई के बाद सचिन ने डिप्लोमा किया था और वह ढाई साल से विटल स्टील में नौकरी कर रहा था। 20 मार्च को उसकी नाइट ड्यूटी थी। यहां लोहे को गर्म करने की भट्ठी के पास वो काम कर रहा था और अचानक भट्ठी में गिर गया।

हादसे के बाद अन्य वर्कर चिल्लाते हुए बाहर की तरफ भागे, जिन्होंने मालिक को सूचना दी और पुलिस को बुलाया। परिवार उसका संस्कार करने के लिए अवशेष मांग रहा है, लेकिन आग में कुछ नहीं बचा। फैक्ट्री मालिक की गिरफ्तारी न होने से स्वजन ने रामगढ़ चौकी के बाहर फैक्ट्री मालिक व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने परिवार को शांत किया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिख रहा है कि रात के समय फैक्ट्री में सामान्य रूप से काम चल रहा था। इसी दौरान सचिन भट्ठी के पास पहुंचता है और अचानक उसमें गिर जाता है। गिरते ही भट्ठी से आग की लपटें तेजी से बाहर निकलती हैं, जिसे देख वहां मौजूद अन्य मजदूर घबरा कर इधर-उधर भागने लगते हैं।

परिवार ने बिना सेफ्टी काम करवाने का लगाया आरोप

मृतक के भाई मनु गौतम और पिता ने कंपनी प्रबंधन व पुलिस पर मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, खासकर नाइट शिफ्ट में कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ लापरवाही बरती जा रही थी।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें सचिन के अवशेष तक नहीं सौंपे गए, जिससे वो उसका अंतिम संस्कार भी ठीक से नहीं कर सके।

फैक्ट्री मालिक गिरफ्तारी पर अड़ा परिवार

परिजनों के बयान पर पुलिस ने फैक्ट्री मालिक असीम अग्रवाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, परंतु परिवार फैक्ट्री मालिक की गिरफ्तारी पर अड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed