पंजाब के मालेरकोटला जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में इनकी कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। खाड़ी क्षेत्र के देशों में चल रहे युद्ध जैसे हालात को देखते हुए डिप्टी कमिश्नर विराज एस तिड़के ने जिले के पेट्रोलियम और एलपीजी से जुड़े अधिकारियों, पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसी प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक की। बैठक का उद्देश्य जिले में ईंधन और रसोई गैस की आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करना और आवश्यक दिशा निर्देश देना था। बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि पंजाब सरकार ने मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल, डीजल और घरेलू उपयोग की एलपीजी गैस की लगातार आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। गैस का अतिरिक्त भंडारण ना करने के आदेश डीसी तिड़के ने जिला निवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत जानकारी से प्रभावित न हों। उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि घबराहट में आकर अनावश्यक खरीददारी या ईंधन और गैस का अतिरिक्त भंडारण न करें। इससे व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति या कारोबारी पेट्रोल, डीजल या एलपीजी गैस की जमाखोरी करता हुआ या कालाबाजारी करता पाया गया तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। गैस एजेंसियों को सही जानकारी देने का सुझाव बैठक में मौजूद अधिकारियों और एजेंसी प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि वे आम लोगों को सही जानकारी दें और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि जरूरतमंद लोगों को समय पर ईंधन और रसोई गैस उपलब्ध हो सके। उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी नागरिक को पेट्रोल, डीजल या एलपीजी गैस की आपूर्ति से जुड़ी कोई समस्या आती है तो वह तुरंत जिला प्रशासन से संपर्क कर सकता है। प्रशासन का प्रयास है कि मौजूदा परिस्थितियों में भी आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।