पंजाब के मोगा जिले के धर्मकोट क्षेत्र में तीन दुकानों में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात को पुलिस ने सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में चार आरोपियों को काबू किया गया है, जबकि वारदात का मास्टरमाइंड भी पहचान में आ गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी देते हुए डीएसपी जसवरिंदर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई एसएसपी अजय गांधी के दिशा-निर्देशों पर की गई। थाना धर्मकोट के प्रभारी इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह और पुलिस चौकी कमालके के प्रभारी एएसआई गुरप्रीत सिंह की अगुआई में टीम ने मामले को सुलझाया।

उन्होंने बताया कि 28 फरवरी और 1 मार्च की मध्य रात्रि को गांव कमालके में तीन दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की गई थी। चोरों ने लोहे के पार्ट्स, मोटरें, बिजली का सामान और करियाना सहित करीब सात लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी से मिले सुराग

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साधनों और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। इसके आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। पुलिस ने मनदीप सिंह, ईधरीशा रजा उर्फ चांद, कुमार महतो उर्फ राजू महतो और महीकरण सिंह को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया काफी सामान भी बरामद किया गया है। इसमें दो बैटरी इनवर्टर, दो खाली गैस सिलेंडर, 40 कंसिल्ड बॉक्स, 11 डिब्बे तेल, 24 प्लास्टिक बैंड, 14 फोन बॉक्स, 35 औजार किट, कंप्रेसर पंप, टुल्लू पंप, बिजली तार, केबल, सिंगल फेज मोटर, वोल्ट मीटर सहित अन्य सामान शामिल है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई छोटा हाथी गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। बरामद सामान की कीमत करीब तीन लाख 85 हजार रुपये बताई जा रही है।

मास्टरमाइंड को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी

पूछताछ के दौरान सामने आया कि इस चोरी का मास्टरमाइंड गांव कमालके का रहने वाला बलजीत सिंह है, जिसने पूरी साजिश रची थी। इसके अलावा रवि और टेढ़ा नाम के दो अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है, जो फिलहाल फरार हैं।

डीएसपी ने बताया कि आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, जिससे और खुलासे तथा बरामदगी की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed