पंजाब के पठानकोट में नेशनल हाईवे-44 पर डाउन टाउन के पास बुधवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पठानकोट की सुजानपुर पुलिस को दी शिकायत में बधानी निवासी सुरिंदर कुमार ने बताया कि 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे उनका दामाद अजय कुमार, बेटी रेखा देवी और उनका नाती आरव शर्मा स्कूटी पर सवार होकर सुजानपुर की ओर जा रहे थे।

मां की कूल्हे की हड्‌डी टूटी, पिता का कटा हाथ

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एसकेआर अस्पताल मलिकपुर में भर्ती कराया।

डॉक्टरों के अनुसार हादसे में मासूम आरव शर्मा के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं अजय कुमार को भी गंभीर चोटें आई हैं और उनकी एक टांग काटनी पड़ी है। रेखा देवी की दोनों टांगें और कूल्हे की हड्डी टूट गई है। दोनों घायलों की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।

चालक की हुई पहचान, छापेमारी जारी

घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान उसकी पहचान विनोद कुमार निवासी सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। सुजानपुर थाना पुलिस ने एएसआई पवन कुमार की देखरेख में आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 281, 125 (ए), 125 (बी) और 324 (4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed