अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब पंजाब में भी देखने को मिल रहा है। तेल आपूर्ति को लेकर फैल रही आशंकाओं के कारण विभिन्न शहरों में पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। कई स्थानों पर हालात ऐसे बने कि पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और कुछ जगहों पर तेल खत्म होने के कारण पंप अस्थायी रूप से बंद करने पड़े।

जालंधर में स्थिति ज्यादा प्रभावित दिखाई दी। यहां बीएमसी चौक के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ के चलते पेट्रोल खत्म हो गया, जिसके बाद पंप को बंद करना पड़ा। पंप के कर्मचारी सुदर्शन सिंह के अनुसार, बढ़ती मांग के कारण स्टॉक समय पर नहीं पहुंच पाया और करीब आधा घंटा पहले ही पेट्रोल समाप्त हो गया।

बोतलों में पेट्रोल डालना बंद किया

लुधियाना में भी लोगों ने घबराहट में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल भरवाना शुरू कर दिया। भारत नगर चौक के पास एक पंप पर पेट्रोल खत्म होने के कारण उसे बंद करना पड़ा। शहर में अब केवल वाहनों में ही तेल दिया जा रहा है, जबकि डिब्बों या अन्य बर्तनों में पेट्रोल-डीजल देना बंद कर दिया गया है।

अमृतसर में भी सुबह से ही लोग अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करवाने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं। वहीं चंडीगढ़ में ड्रम में डीजल देने पर रोक लगा दी गई है। दूसरी ओर मोहाली और पठानकोट में स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

चौपहिया वाहनों में कोई लिमिट नहीं

पठानकोट व कई शहरों में अभी चौपहिया वाहनों में लिमिट निर्धारित नहीं की गई। इस बीच पेट्रोलियम डीलर संघ अमृतसर के अध्यक्ष जोगिंदर पाल सिंह ढिंगरा ने स्पष्ट किया कि अमृतसर में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराहट में आवश्यकता से अधिक तेल न भरवाएं और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed