फाजिल्का में पिछले वर्ष अप्रैल माह में कोर्ट परिसर के बाहर हुई हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मंगलवार शाम को उस समय हुई, जब पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली और उसे घेरने की कोशिश की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही पुलिस टीम ने आरोपी को चारों ओर से घेरा, उसने खुद को बचाने के लिए हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब 12 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें से 7 राउंड पुलिस की ओर से और 5 राउंड आरोपी द्वारा चलाए गए। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।

अस्पताल में करवाया गया दाखिल

घायल आरोपी को तुरंत फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कड़ी सुरक्षा के बीच फरीदकोट रेफर कर दिया गया। फिलहाल आरोपी को मेडिकल निगरानी में रखा गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरनीवाला निवासी प्रितपाल सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि प्रितपाल सिंह कोर्ट परिसर हत्याकांड के बाद से लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लंबे समय से प्रयास कर रही थीं।

पुलिस को देख आरोपी ने की फायरिंग

डीआईजी ने कहा कि पुलिस टीम पूरी सतर्कता और आत्मरक्षा के तहत कार्रवाई कर रही थी, लेकिन आरोपी ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिससे जवाबी कार्रवाई करना जरूरी हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार भी बरामद किए हैं और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को फरारी के दौरान किस-किस का सहयोग मिला और क्या वह किसी अन्य आपराधिक घटना में भी शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed