पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने के चुनावी वादे को लेकर बठिंडा में शनिवार को एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। लाइन पार संघर्ष कमेटी के प्रधान और पूर्व पार्षद विजय कुमार शर्मा ने इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और दूल्हे का रूप धारण कर पुलिस थाने पहुंचकर सांकेतिक शिकायत दर्ज कराई।

दरअसल, विजय शर्मा सिर पर सेहरा और पगड़ी बांधकर दूल्हे की वेशभूषा में करनाल थाने पहुंचे। उनके इस अनोखे अंदाज को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पंजाब सरकार पर आरोप लगाया कि महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने का वादा सिर्फ चुनाव जीतने के लिए किया गया था, जिसे अब तक पूरा नहीं किया गया।

महिलाओं में भारी नाराजगी

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब अपने कार्यकाल के अंतिम दौर में फिर से महिलाओं को नए वादों के जरिए गुमराह करने की कोशिश कर रही है। इस मुद्दे को लेकर महिलाओं में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि कई परिवारों ने इस उम्मीद में आर्थिक योजनाएं बनाई थीं कि सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता से उन्हें राहत मिलेगी।

प्रदर्शन के दौरान विजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने दूल्हा बनकर प्रतीकात्मक विरोध इसलिए किया है क्योंकि सरकार के झूठे आश्वासनों के कारण कई युवाओं के विवाह तक प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना था कि यदि महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिलती तो कई परिवारों को विवाह जैसे सामाजिक कार्यों में मदद मिल सकती थी।

थाने में दी लिखित शिकायत

थाने में दी गई शिकायत में उन्होंने मांग की कि सरकार अपने चुनावी वादे को तुरंत पूरा करे और पिछले चार वर्षों की बकाया राशि भी महिलाओं को दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द इस मुद्दे पर ठोस फैसला नहीं लिया तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

इस अनोखे प्रदर्शन की चर्चा पूरे इलाके में होती रही। लोगों ने भी इस प्रदर्शन को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं और कहा कि चुनावी वादों को पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed