अमृतसर में गोल्डन टेंपल की ओर जाने वाले मार्ग पर एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो भी सामने आया है। यह घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है, जब कुछ निहंगों ने एक व्यक्ति को घेरकर थप्पड़ मारे और डांटते हुए वहां से भगा दिया।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक निहंग पहले व्यक्ति को रोककर उससे सवाल करता है और उसे फटकार लगाता है। इसके बाद वह युवक को थप्पड़ मारता है। इसके बाद अन्य निहंग भी बारी-बारी से उसे थप्पड़ मारते नजर आते हैं। एक निहंग के हाथ में डंडा भी दिखाई देता है, जिससे वह युवक को मारता दिखता है।

श्रद्धालुओं पर कमरा लेने का डालते हैं दबाव

निहंगों का आरोप है कि यह युवक और उसके जैसे कुछ अन्य लोग दरबार साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को रास्ते में रोककर परेशान करते हैं। वे श्रद्धालुओं पर 200 रुपये में कमरे लेने का दबाव बनाते हैं और उन्हें जबरन अपनी ओर खींचते हैं, जिससे धार्मिक स्थल की छवि खराब होती है।

निहंग नेता परमजीत सिंह अकाली ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ दरबार साहिब के आसपास मीट और शराब की दुकानों को बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पहले ऐसे कारोबार बंद करने की घोषणा की गई थी, लेकिन स्थिति अब भी जस की तस है, जिससे संगत में नाराजगी है।

पुलिस ने कानून हाथ में न लेने की दी हिदायत

उन्होंने यह भी कहा कि जब वे प्रदर्शन से लौट रहे थे, तब उन्होंने देखा कि कुछ लोग श्रद्धालुओं को रोककर परेशान कर रहे हैं। पहले उन्हें समझाने की कोशिश की गई, लेकिन न मानने पर उन्हें सख्ती करनी पड़ी। हालांकि उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी को चोट पहुंचाना नहीं था, बल्कि व्यवस्था बनाए रखना था।

घटना की सूचना मिलते ही थाना रामबाग की प्रभारी अमनदीप कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए। फिलहाल इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed