जालंधर के हरनामदास पुरा इलाके में स्थित वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रेवल्स की दुकान पर हुई लूट की वारदात में पुलिस को अहम सफलता मिली है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों की तलाश लगातार जारी है। इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन एक युवक चेहरे पर मास्क लगाकर दुकान में पहुंचा और वहां मौजूद युवती से टिकट संबंधी जानकारी लेने लगा। कुछ ही समय बाद उसका दूसरा साथी भी मास्क पहनकर दुकान के अंदर दाखिल हुआ, जबकि तीसरा आरोपी बाहर एक्टिवा पर बैठा उनका इंतजार कर रहा था।

तिजोरी से पैसे निकाल एक्टिवा पर हुए थे फरार

मौका मिलते ही एक आरोपी ने पीछे से युवती पर हमला कर दिया, जिससे वह घबरा गई। इसी दौरान दूसरे आरोपी ने तिजोरी से करीब एक लाख आठ हजार रुपये की नकदी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी तेजी से एक्टिवा पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त अजय सिंह थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपितों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी। जानकारी के अनुसार, उन्होंने करीब साढ़े तीन बजे इलाके का मुआयना किया और शाम करीब छह बजकर बाईस मिनट पर लूट को अंजाम दिया।

सीसीटीवी के आधार पर आरोपी अरेस्ट

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लूट में शामिल गुरदीप सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जो शहर के वेस्ट इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपितों को पकड़कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed