कपूरथला के थाना ढिलवां के अंतर्गत गांव रायपुर अराईयां में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सैमुअल उर्फ शनि पुत्र अब्दुल वासी, निवासी रायपुर अराईयां के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नशे की अधिक मात्रा लेने के कारण हुई है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार, रायपुर अराईयां और आसपास के इलाके में पिछले आठ दिनों के भीतर यह तीसरी ऐसी घटना है, जिसने पूरे क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इससे पहले भी दो अन्य युवकों की इसी तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने गांववासियों को झकझोर कर रख दिया है। मृतक नशे का आदी था गांव के लोगों के अनुसार सैमुअल नशे का आदी था। कुछ समय पहले पुलिस ने उसे पकड़कर उपचार के लिए भेजा भी था। लेकिन बाद में वह डर के चलते अपनी बहन के गांव बागड़िया में रहने चला गया। वहीं पर उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला नशे की अधिक मात्रा लेने से जुड़ा हो सकता है, लेकिन अंतिम कारण का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। इस घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में नशे का अवैध कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे युवा पीढ़ी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग गांव रायपुर अराईयां के सरपंच वीरेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में चल रहे नशे के अवैध कारोबार पर तुरंत रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आती रहेंगी और युवाओं की जान खतरे में पड़ती रहेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। Post navigation Fatehgarh Sahib में हत्या की नीयत से पति ने पत्नी को नहर में फेंक दिया। महिला के जिंदा बचने पर पूरा मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।